अन्य खबरेंग़ाज़ीपुर

हाईटेंशन तार की चपेट में आने से किशोर की मौत, खुशियां मातम में बदली

गाजीपुर। रेवतीपुर थाना क्षेत्र में रविवार दोपहर एक हृदयविदारक हादसे ने पूरे इलाके को स्तब्ध कर दिया। उतरौली गांव के सलिमपुर डेरा के पास हाईटेंशन विद्युत तार की चपेट में आने से 16 वर्षीय जान मोहम्मद की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। घटना की सूचना मिलते ही गांव में मातम पसर गया और परिवार में कोहराम मच गया।टेंट लगाते समय हुआ हादसा प्राप्त जानकारी के अनुसार, जान मोहम्मद अपने बड़े पापा के घर आयोजित होने वाले बरछा कार्यक्रम की तैयारियों में जुटा था। दोपहर में वह घर के बाहर टेंट लगाने का काम कर रहा था। इसी दौरान ऊपर से गुजर रही हाईटेंशन लाइन की चपेट में आ गया। करंट इतना तेज था कि वह संभल नहीं सका और मौके पर ही उसकी मौत हो गई।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, करंट लगते ही अफरा-तफरी मच गई। आसपास मौजूद लोग उसे बचाने के लिए दौड़े, लेकिन तब तक बहुत देर हो चुकी थी।
खुशियां बदलीं मातम में घटना की खबर मिलते ही मां मीना खातून बेसुध हो गईं। पिता कलीम, जो भट्टे पर मजदूरी कर परिवार का पालन-पोषण करते हैं, ने बताया कि शाम को बड़े भाई के यहां बरछा का कार्यक्रम होना था और पूरा परिवार तैयारियों में लगा था। किसी ने कल्पना भी नहीं की थी कि खुशियों का यह अवसर पल भर में मातम में बदल जाएगा।
जान मोहम्मद तीन भाइयों में सबसे छोटा था। उसके दोनों बड़े भाई मजदूरी कर परिवार का सहारा बने हुए हैं।पुलिस जांच में जुटी सूचना पर रेवतीपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। थानाध्यक्ष राजू दिवाकर ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है तथा आवश्यक विधिक कार्रवाई की जाएगी।