अन्य खबरेंग़ाज़ीपुर

हर्षोल्लास के साथ मनाया गया होली का त्यौहार

 

भांवरकोल (गाजीपुर) रंग,गुलाल और अबीर से एक- दूसरे को सराबोर करने की होड़ और होली के गीतों की मस्ती के साथ रंगों का त्योहार होली बुधवार को पूरे क्षेत्र में हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। क्या अमीर, क्या गरीब सभी एक ही रंग में नजर रहे थे। हर तरफ होली की धूम थी। बच्चे, बूढ़े,जवान सभी होली की मस्ती में थे। होली का त्योहार धूम धाम से मनाया गया। छिटपुट घटनाओं को छोड़ होली शांतिपूर्ण रहीं। कहीं से किसी अप्रिय घटना की सूचना नहीं है। क्षेत्र में होली की उमंग सोमवार से ही दिखने लगा था। सोमवार की रात होलिका दहन के बाद से ही लोग होली के रंग में रंगने लगे थे। सुबह होते- होते लोग होली की मस्ती में डूब गए। बच्चों की मस्ती तो मंगलवार शाम से ही दिखने लगी थी। होली है होली है की गूंज हर गली, हर मुहल्ले में गूंजने लगी। बच्चे सुबह होने का इंतजार करने लगे। बुधवार की अल सुबह मौसम के बिगड़े मिजाज के बीच हल्की बूंदाबांदी भी बच्चों में होली के उत्साह को रोकने में विफल रहा। यहीं हाल आमजनों का भी रहा। सुबह 10 बजे के बाद हर कोई होलियाना मुड़ में नजर आ रहा था। होली आई रे कन्हाई, रंग बरसे की धून पर लोगों का जो थिरकना शुरू हुआ वह दोपहर तक जारी रहा। सड़क पर मतवालों की टोली चल रही थी जिनका काम हर आने जाने वालों को रंगों से सराबोर करना था।
गांव हो या नेशनल हाईवे हर जगह होली की उमंग और उत्साह एक समान था। बच्चे सुबह से ही रंग, पिचकारी लेकर घर से निकल गए और अपने हम उम्र साथियों के साथ होली के आनंद में मशगूल हो गए। युवाओं की भी अपनी अगल महफिल जमीं थी। यह नजारा मुहल्ले के हर टोला, गली और चौक चौराहे पर दिख रहा था। महिलाओं की टोली भी किसी से कम नहीं थी। घर की छत पर महिलाओं की महफिल जमी थी। पुरूषों की तरह महिलाओं ने भी होली का आनंद उठाया सभी एक दूसरे को रंगने में जुटी हुई थी होली में लजीज व्यंजनों ने बिना त्यौहार अधूरा माना जाता है होली में पुआ, पूरी ,काजीवाड़ा, दहीबड़ा, पनीर, गुझिया आदि भी बनाया गया। होली की बधाई देने वालों को भी कमी नहीं थी एक दूसरे के घर पहुंचने और गुलाल लगाकर एक दूसरे को होली की बधाई दी बधाई देने का क्रम देर शाम तक जारी रहा होली को लेकर सुरक्षा का पुख्ता इंतजाम किया गया सभी संवेदनशील स्थानों पर थानाध्यक्ष सत्येंद्र राय ने सभी हल्के के एस आई के साथ पूरूष एवं महिला पुलिस कर्मियों की तैनाती किया।तथा खुद ही वे फोर्स के साथ चक्रमण करते दिखे।