अन्य खबरेंग़ाज़ीपुर

स्वामी सहजानन्द महाविद्यालय में धूमधाम से मनाया गया गणतंत्र दिवस

 

गाजीपुर। शहर स्थित स्वामी सहजानन्द स्नातकोत्तर महाविद्यालय में देश के 75वें गणतंत्र दिवस का उत्सव हर्षोल्लासपूर्वक मनाया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ महाविद्यालय के प्राचार्य प्रो. वी के राय ने प्रांगण में राष्ट्रध्वज फहराकर किया। इसके पश्चात् महाविद्यालय के एनसीसी अधिकारी लेफ्टिनेंट डॉ. विलोक सिंह के नेतृत्व में कैडेट्स ने मार्च-पास्ट किया व झण्डे को सलामी दी। इसी कड़ी में एक विचारगोष्ठी आयोजित हुई जिसमें उपस्थित छात्र-छात्राओं को सम्बोधित करते हुए बलिया से पधारे राजनीति विज्ञान के प्राध्यापक डॉ. शिवेश राय ने कहा कि हमें राष्ट्रीय एकता और अखण्डता की ताकत को समझने की जरूरत है। हमें ‘मैं’ की विचारधारा को त्यागकर ‘हम’ की भावना से पूर्ण होना पड़ेगा। हम एक होकर ही देश की वास्तविक उन्नति और विकास के आधार-स्तम्भ बन सकते हैं और राष्ट्र की अस्मिता, समुन्नति व समृद्धि को नया आकर दे सकते हैं। अंग्रेजी विभागध्यक्ष प्रो. अजय राय ने कहा कि गणतंत्र दिवस वास्तव में भारतवर्ष की प्राणप्रतिष्ठा का दिवस है। आज का दिन हमें अपनी उपलब्धियों पर गर्व करने को प्रेरित करता है। परंतु यह दिन आत्ममूल्यांकन का भी है। हम क्या नहीं कर पाए, हम राष्ट्र-निर्माण के लिए और क्या कर सकते हैं, इस पर पुनर्विचार और चिंतन करने का भी यह दिन है। पूविवि के डीन व महाविद्यालय के समाजशास्त्राध्यक्ष प्रो. अवधेश नारायण राय ने उच्च शिक्षा निदेशक के लिखित संदेश को सारगर्भित रूप में प्रस्तुत किया। डॉ. राकेश पांडेय, डॉ. प्रमोद कुमार श्रीवास्तव आदि ने ‘भारत–लोकतंत्र की मातृका’ थीम पर अपने सार्थक विचार रखे। अपने अध्यक्षीय उद्बोधन में महाविद्यालय के प्राचार्य महोदय ने उपस्थित विद्यार्थियों को कर्तव्यनिष्ठा का सबक दिया। कहा कि समाज और देशहित में हमें सदैव ही कर्तव्य को अधिकार से ऊपर रखना चाहिए। प्रत्येक व्यक्ति में उसके निर्धारित कर्तव्यों के यथोचित निर्वहन के प्रति तत्परता होनी चाहिए। हमें हर परिस्थिति में बेहतर से बेहतरीन करने का प्रयास करना चाहिए। कार्यक्रम में महाविद्यालय के अनेक छात्र-छात्राओं ने गायन, भाषण, नृत्य व कविता-वाचन द्वारा दर्शक-श्रोताओं को मंत्रमुग्ध कर दिया।इस अवसर पर महाविद्यालय के प्राध्यापकगण, विद्यार्थीगण एवं कर्मचारी उपस्थित रहे। मंच संचालन डॉ. कृष्णानन्द चतुर्वेदी ने किया।