अन्य खबरेंग़ाज़ीपुर

सहजानन्द महाविद्यालय में 32 वें जनपदीय रोवर्स रेंजर्स का जनपदीय समागम 3-4 मार्च को

 

गाजीपुर। रोवर्स-रेंजर्स का 32वाँ दो दिवसीय अन्तरमहाविद्यालय जनपदीय समागम स्वामी सहजानन्द स्नातकोत्तर महाविद्यालय में 3 व 4 मार्च को आयोजित होने जा रहा है। इस आशय की जानकारी महाविद्यालय के प्राचार्य प्रो. वी के राय ने एक विज्ञप्ति में दी है । प्रो. राय ने बताया कि यह हमारे लिए अत्यंत गौरव का विषय है कि वीर बहादुर सिंह पूर्वांचल विश्वविद्यालय ने लगातार दूसरी बार हमारे महाविद्यालय को समागम आयोजन कराने का अवसर प्रदान किया है। आयोजन से सम्बन्धी तैयारियों को लेकर प्राचार्य महोदय ने अवगत कराया कि समागम की समग्र तैयारियाँ पूरी कर ली गई हैं। समागम में गाजीपुर जनपद से लगभग दस महाविद्यालय प्रतिभाग कर रहे हैं। आयोजन के सफल संचालन के प्रति हमारे समस्त शिक्षक व कर्मचारीगण तत्पर हैं।
महाविद्यालय के रोवर्स-रेन्जर्स डॉ. सतीश कुमार राय तथा डॉ. निवेदिता सिंह ने जानकारी दी है कि रोवर्स-रेंजर्स का जनपदीय समागम प्रतिवर्ष आयोजित किया जाता है जिसमें स्नातक स्तर पर संचालित रोवर्स-रेंजर्स इकाई के विद्यार्थीगण प्रतिभाग करते हैं। इसके अंतर्गत विभिन्न प्रतियोगिताएँ, सांस्कृतिक कार्यक्रम व क्विज आदि आयोजित किये जाते हैं। इसका उद्देश्य प्रतिभागियों में सर्वांगीण व्यक्तित्व विकास को प्रोत्साहित करना व उनमें उच्च जीवन मूल्यों को आत्मसात कर समाज व राष्ट्र के प्रति समर्पित होने का भाव उत्पन्न करना है।
इस जनपदीय समागम के उद्घाटन कार्यक्रम में राज्यसभा सदस्य डॉ. संगीता बलवंत मुख्य अतिथि तथा रोवर्स-रेंजर्स जिला आयुक्त डॉ. शिवकुमार विशिष्ट अतिथि होंगे जबकि प्रो. डॉ. सविता भारद्वाज, पूर्व प्राचार्य राजकीय महिला महाविद्यालय समापन कार्यक्रम की मुख्य अतिथि होंगी।