अन्य खबरेंग़ाज़ीपुर

संवैधानिक अधिकारों और कर्तव्यों का सामंजस्य लोकतंत्र की मजबूती का आधार : प्रो. वी के राय(प्राचार्य)

 

गाजीपुर। नगर स्थित स्वामी सहजानंद स्नातकोत्तर महाविद्यालय में गणतंत्र दिवस समारोह बड़े उत्साह और जोश के साथ मनाया गया। कार्यक्रम की शुरुआत महाविद्यालय के प्राचार्य प्रो. वी के राय ने झंडा फहराकर किया। प्रो. ए एन राय ने उच्च शिक्षा प्रयागराज के शुभकामना संदेश का वाचन किया। कार्यक्रम में इस वर्ष की थीम “स्वर्णिम भारत: विरासत और विकास” पर एक विचारगोष्ठी भी आयोजित हुई जिसमें वक्ताओं ने भारत की गौरवशाली परंपरा और आधुनिक प्रगति पर अपने विचार प्रस्तुत किए। डॉ. प्रमोद कुमार अनंग ने भारत की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत को रेखांकित करते हुए कहा कि हमारा देश अपनी विविधता में एकता के लिए जाना जाता है, और यही हमारी सबसे बड़ी शक्ति है। डॉ. राकेश पांडेय ने कहा कि आधुनिक भारत ने विज्ञान, तकनीक और शिक्षा के क्षेत्र में अभूतपूर्व प्रगति की है, जो हमें वैश्विक स्तर पर सम्मान दिला रही है। डॉ. निवेदिता सिंह ने महिलाओं की भूमिका पर जोर देते हुए कहा कि भारत का विकास तभी संभव है जब महिलाएं शिक्षा और सशक्तीकरण के हर क्षेत्र में समान रूप से भागीदारी करें। डॉ. नर नारायण राय ने संविधान की महत्ता पर प्रकाश डालते हुए कहा कि हमारे संविधान में जैसी अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता है वह अन्यत्र कम ही देखने को मिलती है। समारोह की अध्यक्षता करते हुए महाविद्यालय के प्राचार्य प्रो. वी. के. राय ने कहा कि गणतंत्र दिवस केवल उत्सव का दिन नहीं, बल्कि अपने कर्तव्यों को निभाने और देश को स्वर्णिम भविष्य की ओर ले जाने का संकल्प लेने का दिन है। संविधान में निर्दिष्ट अधिकारों की जानकारी और कर्तव्यों के पालन से ही हमारा लोकतंत्र मजबूत होगा। कार्यक्रम में एन सी सी व एन एस एस के छात्र-छात्रों ने भी बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया।
समारोह में प्रो. अजय राय, डॉ. रामधारी राम, डॉ. नितिन राय, डॉ. डी पी राय, डॉ. वीके ओझा, डॉ. ए के पांडेय, डॉ. कंचन सिंह, तूलिका श्रीवास्तव, सौम्या वर्मा आदि शिक्षकगण उपस्थित रहे। धन्यवाद ज्ञापन डॉ. विलोक सिंह और मंच संचालन डॉ. कृष्णानन्द चतुर्वेदी ने किया।