मनुष्य तन दुर्लभ है, इसे व्यर्थ न जाने दें : संत पंकज जी महाराज

शादियाबाद (गाजीपुर)
जयगुरुदेव धर्म प्रचारक संस्था, मथुरा के राष्ट्रीय अध्यक्ष संत पंकज जी महाराज इन दिनों अपनी 83 दिवसीय शाकाहार–सदाचार–मद्यनिषेध आध्यात्मिक जनजागरण यात्रा के तहत जनपद गाजीपुर का सघन दौरा कर रहे हैं। इसी क्रम में थाना शादियाबाद क्षेत्र के ग्राम धावा (मलिकपुरा बउली) में आयोजित विशाल सत्संग समारोह को उन्होंने संबोधित किया।अपने प्रवचन में संत पंकज जी महाराज ने कहा—
“यह तन तुमने दुर्लभ पाया, कोटि जन्म भटका जब खाया।”उन्होंने बताया कि करोड़ों जन्मों के भटकाव के बाद यह दुर्लभ मानव शरीर प्राप्त होता है, इसलिए इसे व्यर्थ न करें। इस शरीर में रहते हुए आत्मिक धन अर्जित करें, जो अंतिम समय में साथ आए। यदि मनुष्य ऐसा नहीं करता, तो उसे नरकों व चौरासी लाख योनियों की कठोर यातनाएं भोगनी पड़ती हैं।संत पंकज जी महाराज ने कर्मफल सिद्धांत की व्याख्या करते हुए कहा कि शरीर के नष्ट होने के बाद भी कर्मों का भोग लिंग शरीर द्वारा किया जाता है। खोटे और बुरे कर्म करने वालों को भयानक दंड मिलते हैं। उन्होंने सहजोबाई के वचनों का उल्लेख करते हुए नरकीय यातनाओं का मार्मिक वर्णन किया, जिसे देखकर संत-महात्मा करुणा से द्रवित हो उठते हैं और जीवों को सत्मार्ग की ओर प्रेरित करते हैं। उन्होंने कहा कि अभी संतों की शरण लेने का समय है, क्योंकि कलियुग में सुमिरन, ध्यान और भजन जैसी सरल साधनाओं को गृहस्थ जीवन में रहकर भी किया जा सकता है।संत पंकज जी महाराज ने संत-सतगुरु को सर्वशक्तिमान बताते हुए कहा कि गुरु कर्मों की रेखा पर मेख मार देते हैं। उन्होंने बाबा जयगुरुदेव जी महाराज के योगदान का स्मरण करते हुए कहा कि ‘जयगुरुदेव’ नाम को जन-जन तक पहुंचाकर उन्होंने उसे सिद्ध कर दिया। उन्होंने यह भी बताया कि मथुरा में आगरा-दिल्ली बाईपास पर स्थित विश्व का अद्वितीय जयगुरुदेव मंदिर आस्था का प्रमुख केंद्र है, जहां एक बुराई त्यागने पर एक मनोकामना पूर्ण होती है।इस अवसर पर संत पंकज जी महाराज ने 3 से 5 मार्च तक जयगुरुदेव आश्रम, मथुरा में आयोजित होने वाले तीन दिवसीय होली सत्संग मेले में अधिक से अधिक संख्या में पहुंचने का आमंत्रण दिया।सत्संग में जंगबहादुर सिंह यादव, मनबोध यादव, मंजीत यादव, मनोभव यादव, सुरेन्द्र यादव, अमरजीत प्रजापति, रामवृक्ष राम, पटेल पाल, रामजी गुप्ता, राजेश यादव, मुलायम यादव, विवेक यादव (छोटू), प्रकाश यादव, अंगद पाल सहित हरियाणा से आए सहयोगी संगत के बुधराम यादव, बाबूलाल शर्मा, रामनिवास आदि उपस्थित रहे। कार्यक्रम के दौरान पुलिस प्रशासन ने शांति व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग किया।