थानाध्यक्ष ने पुलिस जवानों को दिलाई निर्भीक मतदान की शपथ

भांवरकोल (गाजीपुर)। अमृत विचार। राष्ट्रीय मतदाता दिवस पर थानाध्यक्ष राजेश बहादुर सिंह ने थाना परिसर में पुलिस जवानों को हर हाल में मतदान करने के लिये शपथ दिलाई। उन्होंने कहा कि भारत में 25 जनवरी को ‘राष्ट्रीय मतदाता दिवस’ मनाया जाता है। मतदाता दिवस भारत के हर नागरिक के लिए अहम है। लेकिन इस बार 25 जनवरी को हजरत अली के जन्म दिवस का सार्वजनिक अवकाश होने के कारण 24 जनवरी को ही मनाया जा रहा है।
थानाध्यक्ष राजेश बहादुर सिंह ने कहा कि मतदाता दिवस के दिन भारत के नागरिकों को अपने राष्ट्र के चुनाव में भागीदारी सुनिश्चित करने की शपथ लेनी चाहिए। क्योंकि भारत के प्रत्येक व्यक्ति का वोट ही देश के भावी भविष्य की नींव रखता है। इसलिए हर एक व्यक्ति का वोट राष्ट्र के निर्माण में भागीदार बनता है। देश के नागरिको को लोकतंत्र की प्रणाली में से मिलने वाले अधिकारों में से सबसे बड़ा अधिकार मतदान का है | इसलिए सभी को मतदान के महत्व को समझना चाहिए और निष्पक्षता और पारदर्शिता के साथ निर्भीक होकर मतदान करना चाहिए और इसके लिए अन्य लोगों को भी जागरूक करना चाहिए। इसके अलावा प्रत्येक नागरिक को धर्म, जाति, समुदाय, भाषा के आधार पर एवं अन्य किसी प्रलोभन से प्रभावित हुए बिना निर्भीक होकर मतदान करना चाहिए और प्रत्येक मतदाता को अपनी सक्रिय भागीदारी के माध्यम से लोकतंत्र को मजबूत करने का संकल्प लेना चाहिए। इस अवसर पर एस आई मनोज कुमार मिश्रा, पी पी पांडेय,ओमबीर सिंह, हेड कांस्टेबल अतुल कुमार सिंह,नितेश यादव, आकाश सिंह आदि उपस्थित रहे।

