
गाजीपुर। गाजीपुर के कुर्था गांव स्थित पवहारी बाबा आश्रम से भगवान जगन्नाथ की रथयात्रा धूमधाम से निकाली गई। यह परंपरा करीब 157 वर्षों से चली आ रही है। आश्रम से भगवान जगन्नाथ, बलभद्र और सुभद्रा की प्रतिमाओं को सजे-धजे रथ पर विराजमान किया गया।विधिवत मंत्रोच्चार के बाद सैकड़ों श्रद्धालुओं ने रथ की रस्सियां खींचकर यात्रा प्रारंभ की। आसपास के कई गांवों से आए हजारों श्रद्धालु गाजे-बाजे के साथ नाचते-झूमते चले। विश्राम स्थल पर श्रद्धालुओं ने प्रतिमाओं का दर्शन-पूजन किया।इस अवसर पर गांव में विशाल मेले का आयोजन किया गया। मेले में लगी विभिन्न दुकानों से लोगों ने खरीदारी की। देर शाम को रथयात्रा वापस आश्रम पहुंची, जहां भगवान की प्रतिमाओं को पुनः मंदिर में स्थापित किया गया।पवहारी बाबा आश्रम के पुजारी मुकेश तिवारी ने बताया कि यह आश्रम ऐतिहासिक महत्व का है। स्वामी विवेकानंद भी यहां पधार चुके हैं। प्रतिवर्ष निकलने वाली यह रथयात्रा क्षेत्र की आस्था का प्रतीक बन चुकी है।