गाजीपुर। जल निगम विभाग के कर्मचारियों ने काली पट्टी बांधकर किया विरोध प्रदर्शन

गाजीपुर। उत्तर प्रदेश जल निगम के कर्मचारियों और पेंशनरों को पिछले 6 महीने से वेतन और पेंशन नहीं मिली है। इस समस्या के समाधान के लिए जल निगम संघर्ष समिति ने आंदोलन की योजना बनाई है। आज दूसरे चरण के तहत ग़ाज़ीपुर जल निगम कार्यालय परिसर में मुंह पर काली पट्टी बांधकर प्रदर्शन किया।समिति ने पहले चरण में 10 जून को प्रदेश के सभी जिला मुख्यालयों में प्रदर्शन कर मुख्यमंत्री को ज्ञापन सौंपा था। इसके बाद 17, 18 और 19 जुलाई को लखनऊ मुख्यालय पर तीन दिवसीय धरना होगा।संघर्ष समिति के संयोजक त्रिदीप कुमार जयन्त ने यह जानकारी दी। मीडिया प्रभारी देवेन्द्र कुमार मौर्य के अनुसार, जल निगम को नगरीय और ग्रामीण दो भागों में बांटने से स्थिति और खराब हो गई है।कर्मचारियों की प्रमुख मांगों में सातवां वेतनमान लागू करना शामिल है। वर्तमान में महंगाई भत्ता 253% की जगह 212% ही दिया जा रहा है। 2021 से अनुकंपा नियुक्तियां भी बंद हैं। चिकित्सा सुविधाएं भी उपलब्ध नहीं हैं। सुप्रीम कोर्ट के आदेश के बावजूद और धन उपलब्ध होने के बाद भी कर्मचारियों की 7 प्रमुख मांगों पर शासन-प्रशासन ने कोई कार्रवाई नहीं की है।