अन्य खबरेंग़ाज़ीपुर

राजकीय महिला पीजी कॉलेज गाजीपुर में एडमिशन की तिथि 15 सितंबर तक बढ़ी, बीए-एमए में सीटें खाली

गाजीपुर। राजकीय महिला स्नातकोत्तर महाविद्यालय गाजीपुर में वर्तमान शैक्षिक सत्र में विज्ञान संकाय बीएससी की मूल सीट तथा सीट वृद्धि के पश्चात अब तक 176 सीटें भर गई हैं जबकि ईडब्ल्यूएस की 10 सीट अभी रिक्त हैं।  यहां पर सिर्फ बायो वर्ग में ही बीएससी है। इसी प्रकार एकमात्र एमएससी वनस्पति विज्ञान की मूल सीटें 20 तथा सीट वृद्धि के पश्चात समग्र सीट 27 भी तत्काल भर गई है। अब महिला महाविद्यालय में गणित, भौतिक विज्ञान, कंप्यूटर विज्ञान, आदि विषयों में भी स्नातक शिक्षा की व्यवस्था की आवश्यकता महसूस हो रही है। स्पष्ट है कि छात्राओं का रुझान विज्ञान संकाय की ओर लगातार बढ़ रहा है क्योंकि विज्ञान संकाय की समस्त सीटें तत्काल भर जा रही हैं। इसका एक प्रमुख कारण यह है कि अब शहर ही नहीं बल्कि आसपास के गांव की माध्यमिक स्कूलों में छात्राएं विज्ञानवर्ग और अंग्रेजी माध्यम से इंटरमीडिएट शिक्षा प्राप्त कर रही हैं। सी यू ई टी का विकल्प मिलने के कारण अंग्रेजी माध्यम की छात्राओ को सुदूर प्रतिष्ठित विश्वविद्यालय एवं महाविद्यालयो में प्रवेश का विकल्प बढ़ गया है। अभी इन विश्वविद्यालय और महाविद्यालय में केंद्रीय विश्वविद्यालय प्रवेश परीक्षा के आधार पर प्रवेश अगस्त माह में प्रारंभ हुआ है। उच्च शिक्षा में रुचि रखने वाली मेरिट धारी छात्राएं इसके बाद ही स्थानीय महाविद्यालयों में उच्च शिक्षा प्राप्त की और रुख करती हैं।जबकि दूसरी ओर बी ए और एम ए की मूल सीटें बार-बार प्रवेश काउंसलिंग तिथि बढ़ाने के बावजूद भी नहीं भर पा रही है। महाविद्यालय में बी ए के कुल 767 सीटें हैं जिसके सापेक्ष अब तक कुल 533 छात्राओं ने काउंसलिंग कराई है।विश्वविद्यालय द्वारा विलंब से और आधे अधूरे परिणाम जारी होने के कारण एम ए की काउंसलिंग अगस्त के दूसरे सप्ताह में संपन्न होने के बावजूद अभी तक कुल सीटें नहीं भर पाई हैं। कई विद्यार्थियों के परीक्षा परिणाम विभिन्न परीक्षा संबंधी विसंगतियों के कारण अपूर्ण हैं। इस कारण ये परास्नातक विषयों में चाह कर भी अपना प्रवेश नहीं ले पा रही है।महाविद्यालय की प्राचार्य प्रोफेसर डॉ अनीता कुमारी के अनुसार बीए प्रथम सेमेस्टर की रिक्त सीटों पर प्रवेश हेतु ऑनलाइन आवेदन एवं प्रवेश काउंसलिंग जारी है। बीए प्रवेश हेतु आवेदन करने वाली छात्राएं समर्थ पोर्टल पर पंजीकरण के पश्चात अपने आवेदन पत्र और सभी प्रमाण पत्रों की मूल एवं छाया प्रतियों के साथ प्रवेश प्रभारी डॉ शिव कुमार से 1:00 से 2:00 बजे के मध्य प्रतिदिन संपर्क कर अपना विषय आवंटन कराकर फीस जमा कर सकती है। एम ए प्रथम सेमेस्टर की प्रवेश काउंसलिंग से छूटी एवं नवीन आवेदन करने वाली सभी छात्राएं अपने विषय से संबंधित विभाग में उपस्थित होकर अपना प्रवेश सीट रिक्त होने तक करा सकती हैं। महाविद्यालय में सभी कक्षाएं नियमित रूप से संचालित हो रही हैं ।महाविद्यालय में प्रवेश काउंसलिंग करने वाली सभी छात्राएं निर्धारित समय सारणी के अनुसार कक्षाओं में उपस्थित हो तथा 15 सितंबर के पूर्व अनिवार्य रूप से अपना फीस जमा कर समर्थ पोर्टल प्रभारी डॉ आनंद चौधरी से संपर्क कर समर्थ पोर्टल पर अपना एडमिशन ग्रांट अनिवार्य रूप से करा लें। अन्यथा इनका प्रवेश अपूर्ण माना जाएगा तथा ये छात्राएं आगामी सेमेस्टर परीक्षा हेतु अपना आवेदन नहीं कर पाएंगी । और ना ही इन छात्राओं को छात्रवृत्ति और डिजी शक्ति के तहत टैबलेट मिल सकेगा। छात्राएं अपनी फीस जमा कर अपना परिचय पत्र एवं लाइब्रेरी कार्ड मुख्य शास्ता डॉ संगीता मौर्य से हिंदी विभाग में संपर्क कर अवश्य बनवा लें तथा उसे अपने पास सदैव रखें। छात्राएं प्रवेश संबंधी किसी भी अद्यतन जानकारी के लिए महाविद्यालय की वेबसाइट का अवलोकन करती रहे।