श्रद्धालुओं ने मकर संक्रांति पर पतित पावनी मां गंगा में लगाई आस्था की डुबकी

*मकर संक्रांति पर्व पर सोमवार को हजारों श्रद्धालुओं ने कोहरे और सर्द हवाओं के बीच गंगा मईया में आस्था की डुबकी लगाई और दानपुण्य किया।*
भांवरकोल (गाजीपुर) मकर सक्रांति के अवसर पर सोमवार को हजारों की संख्या में श्रद्धालुओं ने पतित पावनी मां गंगा में आस्था की डुबकी लगाकर मोक्ष की कामना के साथ परिवार के लिए सुख- समृद्धि की कामना की।ज्ञात हो इस दिन गंगा स्नान करने से 10 अश्वमेध यज्ञ और 1000 गाय दान करने के समान शुभ फल की प्राप्ति होती है। आज अल सुबह से ही क्षेत्र के सेमरा, शेरपुर ,बीरपुर,पलियां व कोटावां आदि गंगा घाटों पर स्नानार्थियों की भीड़ रही। बाद में गरीबों को लाई, चूड़ा (पोहा), चावल ,दाल, तिलवा, तिलकुट आदि भक्ष्य सामग्री का दान दिया। इस दिन कई चीजों का दान करने से सभी कार्यों में सफलता हासिल होती है और घर में सुख-शांति का आगमन होता है। गंगा स्नान से साधक को मोक्ष की प्राप्ति होती है। इस मौके पर ग्रामीणों ने पुरोहितों को चूड़ा -दही,गुड़ खिलाकर एवं खिंचडी़, मिष्ठान, तिल, गुड़ आदि सामग्री दान पुण्य कर आशीर्वाद लिया। इसके बाद दही -चुरा, गुड़ आदि अल्पहार का सेवन कर शाम को सभी के घर खिंचडी़ का भोग लगाया गया। इस तरह से धूमधाम से (खिचड़ी) मकर संक्रांति का त्यौहार मनाया गया।

