साइबर हेल्प डेस्क नगसर हाल्ट की तत्परता से 15,948 रुपये की ठगी राशि वापस

गाजीपुर। जनपद में साइबर अपराधों की रोकथाम के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत थाना नगसर हाल्ट की साइबर हेल्प डेस्क टीम ने सराहनीय कार्य करते हुए एक पीड़ित की ठगी गई धनराशि वापस कराई है।प्राप्त जानकारी के अनुसार, ग्राम सरहुला निवासी अरविन्द कुमार पुत्र रविन्द्र नाथ के पास एक फर्जी फोन कॉल आया। कॉल करने वाले ने आंगनवाड़ी योजना के तहत उनकी बहन की डिलीवरी से संबंधित आर्थिक सहायता दिलाने के नाम पर एक लिंक भेजा। लिंक पर क्लिक करते ही तीन अलग-अलग ट्रांजेक्शन के माध्यम से कुल 16,300 रुपये की धनराशि साइबर ठगों द्वारा निकाल ली गई।घटना की सूचना मिलते ही थाना नगसर हाल्ट की साइबर हेल्प डेस्क टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 तथा एनसीआरपी पोर्टल पर ऑनलाइन शिकायत दर्ज कराई। शिकायत संख्या 33101260005105 के तहत न्यायालयीय आदेश की प्रक्रिया पूर्ण कराते हुए 15,948 रुपये की ठगी गई राशि पीड़ित को वापस कराई गई।पुलिस अधीक्षक गाजीपुर के निर्देशन में साइबर अपराध के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत यह कार्रवाई आमजन के लिए राहतकारी साबित हुई है। पुलिस ने लोगों से अपील की है कि किसी भी अनजान लिंक पर क्लिक न करें तथा साइबर ठगी होने पर तत्काल 1930 पर सूचना दें।

