मांगों का संज्ञान नहीं लिया तो 19 जून को होगी विशाल पदयात्रा : रोशनलाल
![](https://theghazipurkhabar.com/wp-content/uploads/2023/06/IMG-20230616-WA0185.jpg)
गाजीपुर । उत्तर प्रदेश पंचायती राज ग्रामीण सफाई कर्मचारी संघ ब्लॉक इकाई सैदपुर व देवकली द्वारा संयुक्त रूप से तहसील स्तरीय विभागीय सेवा नियमावली, पदोन्नति, पुरानी पेंशन अधिकार पदयात्रा कर मुख्यमंत्री उत्तर प्रदेश सरकार एवं प्रधानमंत्री भारत सरकार को संबोधित 7 सूत्रीय ज्ञापन उप जिलाधिकारी सैदपुर गाजीपुर को सौंपा गया। पदयात्रा का नेतृत्व सैदपुर ब्लाक अध्यक्ष राजनाथ व देवकली ब्लॉक अध्यक्ष द्वारा संयुक्त रूप से किया गया । इस दौरान जिला अध्यक्ष रोशनलाल भी मौजूद रहे और कहा कि हम लोगों की सात सूत्रीय मांगे जायज हैं और यदि हमारी मांगों का संज्ञान लेकर तत्काल प्रभावी कार्रवाई नहीं प्रारंभ किया जाता है तो जनपद के सभी सफाई कर्मचारी 19 जून को विकास भवन से कचहरी तक विशाल पदयात्रा करेंगे। प्रांतीय उपाध्यक्ष जयप्रकाश बिंद उर्फ गुड्डू ने कहा कि भारत सरकार की नौकरियों में 1 जनवरी 2004 से शिक्षकों, कर्मचारियों व अधिकारियों को दी जाने वाली सामाजिक सुरक्षा यानी पुरानी पेंशन व्यवस्था को समाप्त कर शेयर बाजार आधारित नवीन पेंशन व्यवस्था लागू कर दी गई है जो कर्मचारियों के हित में नहीं है। जिला कोषाध्यक्ष विनोद चौधरी ने कहा कि सफाई कर्मचारियों की विभागीय सेवा नियमावली बनाई जानी चाहिए। सैदपुर ब्लॉक अध्यक्ष राजनाथ राम ने कहा कि ग्रामीण सफाई कर्मचारियों को प्रमोशन का अवसर प्रदान किया जाना चाहिए। देवकली ब्लाक अध्यक्ष राजेश ने कहा कि पुरानी पेंशन हम सभी कर्मचारियों का हक है और हम लोगों को मिलना चाहिए। नरसिंह प्रसाद ने कहा कि सफाई कर्मचारियों का पे रोल व्यवस्था समाप्त किया जाना चाहिए। देवकली ब्लॉक मंत्री धर्मेन्द्र यादव ने कहा कि जब तक पुरानी पेंशन व्यवस्था बहाल नहीं हो जाती है तब तक हम लोग निरंतर समय-समय पर आंदोलन करते रहेंगे । जिला संयोजक अजय कुशवाहा ने कहा कि सफाई कर्मचारियों को 1900 ग्रेड पे का लाभ दिया जाना चाहिए। सैदपुर ब्लॉक मंत्री बुद्धू राम ने कहा कि सफाई कर्मचारियों का नाम पंचायत सेवक किया जाना चाहिए। इस दौरान जिला संयुक्त मंत्री कामेश्वर रावत,चन्द्रशेखर आज़ाद, संजय यादव छोटू बिंद, आनन्द कुमार, साहित्य श्रीवास्तव, सहजाद, विद्या, राकेश मौर्या, अशोक सोनकर, तारकेश्वर राम, चन्द्रशेखर, रामनारायन, अरविन्द कुमार सोनकर सहित लगभग 400 सफाई कर्मचारी उपस्थित रहे अंत में जिला अध्यक्ष रोशनलाल के साथ विकास खण्ड सैदपुर एवं देवकली के सभी सफाई कर्मचारियों ने विकास खण्ड रेवतीपुर के सफाई कर्मचारी साथी ओमप्रकाश दूबे के सड़क दुघर्टना में निधन होने पर 2 मिनट का मौन धारण कर शोक संवेदना प्रकट किया।