अन्य खबरेंग़ाज़ीपुर

तेज रफ्तार ट्रैक्टर-ट्रॉली ने ली मजदूर की जान,आक्रोशित ग्रामीणों ने एनएच किया जाम

रेवतीपुर (गाजीपुर)। थाना रेवतीपुर क्षेत्र के उतरौली चट्टी के पास शनिवार को तेज रफ्तार ट्रैक्टर-ट्रॉली की चपेट में आने से साइकिल सवार मजदूर की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। हादसे से आक्रोशित ग्रामीणों ने राष्ट्रीय राजमार्ग (टीबी रोड) जाम कर दिया, जिससे करीब दो घंटे तक यातायात प्रभावित रहा।जानकारी के अनुसार उतरौली गांव निवासी रामकृत राजभर (50) रोज की तरह ईंट-भट्ठे से मजदूरी कर साइकिल से घर लौट रहे थे। इसी दौरान त्रिलोकपुर की ओर से आ रही तेज रफ्तार ट्रैक्टर-ट्रॉली ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी, जिससे उनकी घटनास्थल पर ही मौत हो गई। दुर्घटना के बाद चालक ट्रैक्टर-ट्रॉली छोड़कर मौके से फरार हो गया।
हादसे की सूचना मिलते ही परिजन व ग्रामीण मौके पर पहुंच गए और शव रखकर राष्ट्रीय राजमार्ग जाम कर दिया। नाराज ग्रामीण मृतक के परिवार को आर्थिक सहायता, फरार चालक के खिलाफ सख्त कार्रवाई तथा मौके पर जिलाधिकारी को बुलाने की मांग पर अड़े रहे। जाम की सूचना से पुलिस प्रशासन में हड़कंप मच गया।मौके पर क्षेत्राधिकारी अनिल कुमार, रेवतीपुर प्रभारी निरीक्षक राजू दिवाकर, दिलदारनगर प्रभारी निरीक्षक योगेंद्र सिंह, गहमर प्रभारी निरीक्षक प्रमोद कुमार सिंह भारी पुलिस बल के साथ पहुंचे। पुलिस द्वारा समझाने-बुझाने और कार्रवाई का आश्वासन देने के बाद ग्रामीणों ने जाम समाप्त किया, जिसके करीब दो घंटे बाद यातायात बहाल हो सका। इस दौरान सड़क के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गई थीं।थानाध्यक्ष राजू दिवाकर ने बताया कि शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। ट्रैक्टर-ट्रॉली को जब्त कर लिया गया है, जबकि चालक फरार है। मृतक के पुत्र हनुमान की तहरीर पर मुकदमा दर्ज कर फरार चालक की तलाश की जा रही है।