अन्य खबरेंग़ाज़ीपुर

गाजीपुर में पुलिस मुठभेड़, शातिर गौ-तस्कर ‘डेंजर’ घायल होकर गिरफ्तार

 

गाजीपुर। अपराधियों के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत स्वाट टीम और गहमर थाना पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में बुधवार रात शातिर गौ-तस्कर पीर मोहम्मद उर्फ डेंजर पुलिस मुठभेड़ में घायल होकर गिरफ्तार कर लिया गया। उसके कब्जे से अवैध तमंचा, कारतूस और मोटरसाइकिल बरामद हुई है। जानकारी के अनुसार, नवली के पास गश्त के दौरान पुलिस ने संदिग्ध पिकअप और मोटरसाइकिल को रोकने का प्रयास किया तो बाइक सवार ने फायरिंग शुरू कर दी और भागने लगा। मगरखाई मोड़ पर घिर जाने पर उसने फिर पुलिस पर गोली चलाई। आत्मरक्षा में पुलिस की जवाबी फायरिंग में उसके पैर में गोली लग गई। घायल अभियुक्त को उपचार हेतु सीएचसी भदौरा भेजा गया। गिरफ्तार अभियुक्त ग्राम सहेडी, थाना नंदगंज का निवासी है और उस पर गोवध निवारण अधिनियम व आर्म्स एक्ट सहित कई मुकदमे दर्ज हैं। शातिर के पास से एक अदद अवैध तमंचा .315 बोर,एक अदद जिंदा कारतूस व दो खोखा कारतूस, एक अदद मोटरसाइकिल बरामद किया गया। पकड़ने वाली टीम में स्वाट प्रभारी रोहित कुमार मिश्रा, थाना गहमर प्रभारी निरीक्षक शैलेश कुमार मिश्रा और चौकी प्रभारी बारा सहित पुलिस बल शामिल रहा।