अन्य खबरेंग़ाज़ीपुर

तेज रफ्तार पिकअप की टक्कर से 14 वर्षीय किशोर की मौत

गाजीपुर। कोतवाली क्षेत्र में रविवार को एक दर्दनाक सड़क हादसे में तेज रफ्तार पिकअप की टक्कर से 14 वर्षीय किशोर की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद इलाके में शोक के साथ आक्रोश का माहौल बन गया। गुस्साए ग्रामीणों ने सड़क जाम कर आरोपी चालक की गिरफ्तारी और पीड़ित परिवार को मुआवजा देने की मांग की।यह दुर्घटना बुजुर्गा प्राथमिक विद्यालय के पास हुई। मृतक की पहचान जंगीपुर थाना क्षेत्र के ऊसरगांव नसीरपुर निवासी अनुज कुमार भारती (14), पुत्र मनोज कुमार के रूप में हुई है। बताया गया कि अनुज अपने नाना भग्गन राम के साथ बाइक से कोनहवा गांव, ननिहाल जा रहा था। इसी दौरान तेज गति से आ रही पिकअप ने बाइक को जोरदार टक्कर मार दी, जिससे अनुज की घटनास्थल पर ही मौत हो गई।हादसे की सूचना मिलते ही ग्रामीण मौके पर जुट गए और परिजनों में कोहराम मच गया। मां सुनीता देवी का रो-रोकर बुरा हाल है। अनुज तीन भाई-बहनों में मझला था। उसके परिवार में बड़ा भाई आदर्श और बहन अनुष्का हैं।
घटना के बाद आक्रोशित ग्रामीणों ने सड़क जाम कर दिया। सूचना पर कोतवाली प्रभारी महेंद्र सिंह एवं जखनिया एसडीएम मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने ग्रामीणों को समझाकर जाम समाप्त कराया और हरसंभव सहायता का आश्वासन दिया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।