गाजीपुर में स्कूली बच्चों की सुरक्षा को लेकर सख्ती, नाबालिगों के वाहन चलाने पर कसा शिकंजा

गाजीपुर। सड़क सुरक्षा समिति के निरीक्षण संबंधी निर्देशों के क्रम में सोमवार को स्कूली बच्चों की सुरक्षा को दृष्टिगत रखते हुए यातायात पुलिस, परिवहन विभाग एवं जिला विद्यालय निरीक्षक की संयुक्त टीम द्वारा शहर के विभिन्न विद्यालयों में औचक निरीक्षण किया गया।निरीक्षण के दौरान लगभग 44 बच्चे दोपहिया वाहन से स्कूल आते पाए गए, जो मोटर वाहन अधिनियम के नियमों के अनुरूप नहीं थे। इस पर संबंधित बच्चों के अभिभावकों को नोटिस जारी कर उन्हें बच्चों को वाहन से स्कूल न भेजने के निर्देश दिए गए तथा भविष्य में पुनरावृत्ति होने पर कड़ी कार्रवाई की चेतावनी भी दी गई।
इसके बावजूद कुछ बच्चे वाहन से स्कूल जाते हुए पाए गए, जिनके विरुद्ध प्रवर्तन की कार्रवाई की गई। इस संबंध में यातायात प्रभारी मनीष त्रिपाठी ने बताया कि जनवरी माह से अब तक कुल 33 नाबालिग बच्चों के वाहनों का चालान किया जा चुका है। उन्होंने स्पष्ट किया कि बच्चों की सुरक्षा को देखते हुए यह अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।गौरतलब है कि यातायात पुलिस द्वारा शहर के विभिन्न इलाकों में चलाए जा रहे चेकिंग अभियान के तहत बिना लाइसेंस एवं खतरनाक ढंग से वाहन चला रहे कई नाबालिग स्कूली बच्चों को पकड़ा गया है। 

